तमिलनाडु की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो गई है। तमिलगा वेत्री कज़गम (TVK) के संस्थापक और लोकप्रिय अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने आज चेन्नई में तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
9 मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री विजय के साथ 9 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें के.जी. अरुणराज, आधव अर्जुन, एन. आनंद, सेल्वी एस. कीर्ताना और डॉ. टी.के. प्रभु समेत कई नेता शामिल रहे। शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं।
राहुल गांधी समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तमिल फिल्म उद्योग की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
1967 के बाद पहला गैर-द्रविड़ मुख्यमंत्री
सी. जोसेफ विजय 1967 के बाद तमिलनाडु के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बने हैं, जो किसी द्रविड़ पार्टी से नहीं हैं। राज्य की राजनीति में अब तक डीएमके और एआईडीएमके जैसी द्रविड़ पार्टियों का दबदबा रहा है। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके पार्टी को 108 सीटें मिली हैं। इसके अलावा विजय ने 120 विधायकों का समर्थन हासिल कर सरकार बनाई है।
शपथ के तुरंत बाद लिए बड़े फैसले
शपथ लेने के बाद सी. जोसेफ विजय फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे और कई अहम फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, महिला सुरक्षा मजबूत करने और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए विशेष इकाइयों के गठन से जुड़े फैसले शामिल हैं। मुख्यमंत्री विजय ने जनता से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी, तेज और जनहित वाली शासन व्यवस्था देने के लिए काम करेगी।
यह भी पढ़े; श्रीलंका के राष्ट्रपति और PM मोदी ने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई!

