नई दिल्ली: भारत सरकार की ओर से संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए दोहा रवाना हो गए हैं। वह भारत सरकार और देशवासियों की ओर से कतर के नेतृत्व एवं शाही परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने आधुनिक कतर के निर्माण और विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति हासिल की।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि शेख हमद भारत के एक घनिष्ठ मित्र थे और उन्होंने भारत-कतर संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, निवेश और रणनीतिक सहयोग को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। भारत सरकार ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

