CRPF स्थापना दिवस: उपराष्ट्रपति, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने जवानों के साहस को किया सलाम

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के स्थापना दिवस के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने बल के सभी जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी बहादुरी, समर्पण और राष्ट्र सेवा की सराहना की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि CRPF ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने वीर जवानों के शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी CRPF कर्मियों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बल अटूट साहस, निस्वार्थ सेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश को अपने सुरक्षाबलों पर गर्व है।

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि स्थापना के बाद से CRPF ने देश की आंतरिक सुरक्षा के हर मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। चाहे नक्सलवाद के खिलाफ अभियान हो या देश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी, CRPF ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है।

उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र उनकी वीरता और सेवा का हमेशा ऋणी रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *