नई दिल्ली: बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद सीट खाली होने के कारण कराया जा रहा है।
वहीं गुजरात की मंजलापुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से भीखाभाई रवाड़ी चुनाव मैदान में हैं। यह सीट भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। चुनाव आयोग ने यहां सभी मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग, मोबाइल जमा काउंटर और सी-विजिल के जरिए शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और वेबकास्टिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
चुनाव आयोग ने तीनों राज्यों में केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों की तैनाती की है। इसके अलावा सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच और शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किए गए हैं।

