अमेरिका में अल्पसंख्यक धार्मिक स्थलों पर बढ़ते हमलों को देखते हुए संसद में एक नया विधेयक पेश किया गया है। यह प्रस्ताव हिंदू मंदिरों के साथ-साथ मस्जिदों, गिरिजाघरों और अन्य पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया है। इस विधेयक को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के सदस्य टॉम सुओजी ने पेश किया है।
विधेयक के अनुसार, किसी भी पूजा स्थल के 100 फीट के दायरे में भय का माहौल बनाना, लोगों को परेशान करना या धार्मिक गतिविधियों में बाधा डालना संघीय अपराध माना जाएगा। पहली बार दोषी पाए जाने पर जुर्माना और एक साल तक की सजा का प्रावधान है, जबकि बार-बार अपराध करने वालों को तीन साल तक की कैद सहित कड़ी सजा दी जा सकती है। इसके अलावा, पीड़ितों को सीधे शिकायत दर्ज कराने का अधिकार भी दिया गया है।
अमेरिका में हाल के वर्षों में घृणा अपराधों में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे हिंदू, यहूदी, मुस्लिम और सिख समुदायों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। सांसदों का कहना है कि इस विधेयक का उद्देश्य धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

