डबल इंजन सरकार से आंध्र को मिली नई रफ्तार, चंद्रबाबू नायडू ने की PM मोदी के नेतृत्व की सराहना

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के विकास और पुनर्निर्माण में केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच मजबूत समन्वय के कारण आंध्र प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है और पिछले दो वर्षों में राज्य के पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

तिरुपति जिले के दामीनेडु में आयोजित “विश्वास, विकास और कल्याण के दो वर्ष” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के चुनावों में मिली जीत को एनडीए सरकार ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और राज्य के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार ने पोलावरम परियोजना, अमरावती राजधानी विकास, विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र और प्रस्तावित रेलवे जोन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लगातार समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार होने के कारण कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बुनियादी ढांचे के विस्तार और निवेश को बढ़ावा मिला है।
यह भी पढ़े; PM मोदी के 12 साल: देश ने विकास और बदलाव की नई ऊंचाइयों को छुआ – जी. किशन रेड्डी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए नायडू ने कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव तैयार की है। उन्होंने गरीबी उन्मूलन, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, हवाई अड्डा अवसंरचना के विकास और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुद्रास्फीति को नियंत्रित रखने जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश अब विनिर्माण, रक्षा, एयरोस्पेस और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में तेजी से निवेश आकर्षित कर रहा है। गूगल, कॉग्निजेंट और टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियां राज्य में अपने कारोबार का विस्तार कर रही हैं, जिससे रोजगार और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य फोकस युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने और आंध्र प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने पर है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर, मंत्री नारा लोकेश सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *