हैदराबाद: केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में व्यापक और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अवसंरचना, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
हैदराबाद में रविवार को प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि इस कार्यक्रम का देशभर में करोड़ों लोग हर महीने बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने और समाज के सकारात्मक प्रयासों को सामने लाने का प्रभावी मंच बन चुका है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार, रेलवे नेटवर्क का आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों की शुरुआत और रेलवे में आधुनिक तकनीकों को अपनाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश में हवाई अड्डों की संख्या भी बढ़कर लगभग 150 तक पहुंच गई है, जो पहले करीब 70 थी।
श्री रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। इससे गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं और विकास के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
यह भी पढ़े; भारतीय शेयर बाजार से विदेशी पूंजी का पलायन जारी, मई में निकले 32,963 करोड़ रुपये
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। वहीं, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 83 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलोग्राम मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
जी. किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार मुक्त शासन, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी भारत विकास, नवाचार और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।

