नई दिल्ली: भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र एवं टेक्सटाइल आयोजन ‘भारत टेक्स 2026’ का आज राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, विभिन्न राज्यों के वस्त्र मंत्री, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और दुनिया भर से आए खरीदार एवं निवेशक भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत टेक्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विज़न – “Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion, Fashion to Foreign” का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब एक अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है और हर वर्ष इसमें भाग लेने वाले देशों, प्रदर्शकों और खरीदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
इस वर्ष 130 देशों के 60,000 से अधिक खरीदार, प्रदर्शक और उद्योग प्रतिनिधि इस मेगा इवेंट में शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक, लगभग 7,000 वैश्विक खरीदार और 20,000 से अधिक टेक्सटाइल उत्पादों का प्रदर्शन इस आयोजन की खास आकर्षण हैं।
भारत टेक्स 2026 केवल कपड़ा उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फैशन, टेक्नोलॉजी, सतत विकास (Sustainability), नवाचार, निवेश और वैश्विक व्यापार को एक ही मंच पर लेकर आया है। इस आयोजन में देश-विदेश के निर्माता, निर्यातक, निवेशक, स्टार्टअप, कारीगर, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान 20 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के दिग्गज और नीति निर्माता विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगे। कुल 350 से अधिक वक्ता टेक्सटाइल उद्योग के भविष्य, नई तकनीकों, वैश्विक बाजार और निवेश की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
भारत टेक्स 2026 को भारत के टेक्सटाइल सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच माना जा रहा है, जो देश को वैश्विक वस्त्र निर्माण, निर्यात और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

