वियतनाम बोट हादसा: 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर मुंबई पहुंचे, राज्यों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू

मुंबई: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीड बोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर सोमवार को मुंबई पहुंच गए। सभी शवों को वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान के जरिए हो ची मिन्ह सिटी से भारत लाया गया।

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु की राज्य सरकारें समन्वय बनाकर पार्थिव शरीरों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगी।

भारतीय दूतावास ने इस कठिन समय में सहयोग के लिए वियतनाम सरकार और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि बचाव अभियान, आवश्यक औपचारिकताओं और पीड़ित परिवारों की सहायता में वियतनामी अधिकारियों का सहयोग सराहनीय रहा।

गौरतलब है कि शुक्रवार को फू क्वोक द्वीप के पास 32 भारतीय पर्यटकों और 4 स्थानीय क्रू सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीड बोट पलट गई थी। इस भीषण हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य पर्यटक सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। वहीं, एक भारतीय पर्यटक का अभी भी वियतनाम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। भारत सरकार लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
ReadAlso;नई दिल्ली में शुरू हुआ Bharat Tex 2026, 130 देशों के 60 हजार से अधिक खरीदार और प्रदर्शक पहुंचे!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *