NEET-UG पेपर लीक केस में बड़ी गिरफ्तारी, पुणे की शिक्षिका गिरफ्तार 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे की वरिष्ठ वनस्पति विज्ञान शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त थीं और उन्हें जीव विज्ञान के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच थी।
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी शिक्षिका ने पहले से गिरफ्तार मनीषा वागमारे के जरिए नीट उम्मीदवारों को जुटाया और पुणे स्थित अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं भी चलाईं। जांच एजेंसी का दावा है कि इसी नेटवर्क के जरिए प्रश्नपत्र लीक कर छात्रों तक पहुंचाए गए।
इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से कई आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि कुछ को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली भेजा गया है।
सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देशभर के 6 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी की, जहां से कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

