भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को असम में भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। गुवाहाटी में आयोजित बैठक में भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों ने उनके नाम का समर्थन किया।
बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने डॉ. सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा। इनमें रंजीत कुमार दास, बिस्वजीत दैमारी, अजंता निओग, राजदीप रॉय, अशोक सिंघल और पीयूष हजारिका सहित आठ भाजपा विधायक शामिल रहे।
इसके अलावा असम गण परिषद (AGP) के 10 विधायकों और बीपीएफ विधायकों की मौजूदगी में एनडीए विधायक दल की बैठक भी हुई, जिसमें डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नाम पर सहमति बनी। भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आधिकारिक तौर पर डॉ. सरमा को भाजपा और एनडीए विधायक दल का नेता घोषित किया।
नेता चुने जाने के बाद डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए 102 विधायकों के समर्थन वाला पत्र राज्यपाल को सौंपा।
यह भी पढ़े; श्रीलंका के राष्ट्रपति और PM मोदी ने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई!
डॉ. सरमा के नेतृत्व में एनडीए ने असम की राजनीति में लगातार मजबूत पकड़ बनाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में राज्य में विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश से जुड़े कई बड़े फैसले आगे बढ़ सकते हैं।
