भोपाल में खुला अंतरिक्ष की दुनिया का नया दरवाजा, देश की पहली Space Exploration Gallery का उद्घाटन !

भोपाल: अंतरिक्ष की रहस्यमयी दुनिया को अब धरती पर करीब से समझने का मौका मिलेगा। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र में देश की पहली स्पेस एक्सप्लोरेशन गैलरी का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।

आधुनिक डिजिटल तकनीक से तैयार यह गैलरी खासतौर पर बच्चों, विद्यार्थियों और अंतरिक्ष विज्ञान में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए बेहद खास होने वाली है। यहां आने वाले लोग केवल भारत की अंतरिक्ष यात्रा के बारे में पढ़ेंगे ही नहीं, बल्कि कई रोमांचक अनुभव भी खुद महसूस कर सकेंगे।

गैलरी में स्पेस वॉक और फ्लाइट सिम्युलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही आगंतुक चंद्रमा और मंगल ग्रह की 3D सतह को करीब से देख और समझ सकेंगे। भारत की प्राचीन खगोलीय ज्ञान परंपरा से लेकर आर्यभट्ट, चंद्रयान और गगनयान तक की उपलब्धियों को भी यहां आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।

इस गैलरी को राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद ने तैयार किया है, जबकि मुंबई के नेहरू विज्ञान केंद्र ने तकनीकी सहयोग दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मध्य प्रदेश अपनी अंतरिक्ष नीति के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गैलरी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान को बेहतर तरीके से समझने और भविष्य में इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

भोपाल की यह नई गैलरी अब सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि अंतरिक्ष को जानने, समझने और नई पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच जगाने का एक नया केंद्र बनने जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *