राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज रोमानिया के पीएम से करेंगी अहम वार्ता, व्यापार और शिक्षा सहयोग पर रहेगा फोकस

बुखारेस्ट/नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन दिनों रोमानिया की राजकीय यात्रा पर हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन वह आज रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान के साथ बुखारेस्ट स्थित विक्टोरिया पैलेस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इस बैठक में भारत और रोमानिया के बीच व्यापार, निवेश, शिक्षा और अन्य सहयोग के क्षेत्रों को और मजबूत बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।

राष्ट्रपति मुर्मु आज रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान के साथ भारत-रोमानिया व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगी। इस दौरान दोनों देशों के कारोबारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देने पर भी जोर रहेगा।

अपने व्यस्त कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति मुर्मु रोमानिया की संसद भी जाएंगी, जहां वह सीनेट के अध्यक्ष मिर्चा अब्रुदेआन और चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंदेनू से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पहुंचकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

यात्रा के दौरान राष्ट्रपति बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज़ और नेशनल विलेज म्यूज़ियम का भी दौरा करेंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करना है।
यह भी पढ़े ; पेपर लीक पर सरकार का बड़ा कदम, हरदीप पुरी बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

भारत और रोमानिया के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों के लिहाज से राष्ट्रपति मुर्मु की यह यात्रा अहम मानी जा रही है। उम्मीद है कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर खुलेंगे और द्विपक्षीय रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *