भारतीय सशस्त्र बलों ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अपने सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया। ऑपरेशन की पहली वर्षगांठ पर जयपुर में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना, नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की सफलता और तीनों सेनाओं के बेहतरीन समन्वय को रेखांकित किया।
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि “आत्मनिर्भर भारत” अब सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि देश की वास्तविक सैन्य क्षमता बन चुका है। उन्होंने बताया कि भारत के 65 प्रतिशत से अधिक रक्षा उपकरण अब स्वदेशी रूप से निर्मित हो रहे हैं।
भारतीय सेना के अनुसार, इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में मौजूद आतंकी ढांचों को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को केवल एक सैन्य कार्रवाई के रूप में नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी नीति के नए चरण की शुरुआत के तौर पर देखा जाना चाहिए।
यह भी पढ़े; पीएम मोदी बोले- ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों ने दिखाया अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प

