हरदोई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह गंगा नदी सदियों से उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा रही है, उसी तरह यह एक्सप्रेसवे भी राज्य के विकास की नई जीवनरेखा साबित होगा।
कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
यह हाई-स्पीड कॉरिडोर उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। इसके जरिए औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स, कृषि विपणन और क्षेत्रीय संतुलन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) द्वारा विकसित यह एक्सप्रेसवे राज्य के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों को एक ही कॉरिडोर से जोड़ेगा।
मेरठ से प्रयागराज की दूरी होगी आधी
गंगा एक्सप्रेसवे बनने के बाद मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय करीब 12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक सुगम और तेज होगी।
12 जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत कुल 12 जिलों से होकर गुजरेगा।
हवाई पट्टी भी होगी शामिल
इस परियोजना की खास बात यह है कि शाहजहांपुर में करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जिससे भारतीय वायु सेना के विमान आपातकालीन स्थिति में उड़ान भर और उतर सकेंगे।
रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस एक्सप्रेसवे से औद्योगिक विकास, व्यापार, कृषि और पर्यटन क्षेत्रों को गति मिलेगी। साथ ही, इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किए, जिसे उन्होंने स्वीकार किया और कुछ श्रद्धालुओं से भी बातचीत की।

