भारत-इक्वाडोर संबंधों को मिलेगा बढ़ावा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इक्वाडोर की विदेश मंत्री से की मुलाकात

नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज इक्वाडोर की विदेश मंत्री गैब्रिएला सॉमरफेल्ड से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, कृषि और क्षमता निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की।

इक्वाडोर की विदेश मामलों और मानव गतिशीलता मंत्री गैब्रिएला सॉमरफेल्ड तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंची हैं। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।

अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों में शामिल होने का स्वागत

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इक्वाडोर के भारत-नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) और अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट गठबंधन (IBCA) में शामिल होने की प्रक्रिया शुरू करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने यह भी बताया कि इक्वाडोर पहले से ही आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन (CDRI) का सदस्य है।

विकास साझेदारी को मिलेगी मजबूती

डॉ. जयशंकर ने त्वरित प्रभाव परियोजनाओं (Quick Impact Projects) के कार्यान्वयन के लिए वित्तपोषण पर एक समझौते की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत और इक्वाडोर के बीच विकास साझेदारी को और मजबूत करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *