गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राज्य के लिए 4000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सिक्किम को “पूरब का स्वर्ग” बताया और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांति और आध्यात्मिक माहौल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सिक्किम का अनुभव अद्भुत है और यहां का सौंदर्य हर किसी को आकर्षित करता है।

पर्यटन को लेकर बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने ऑर्किड्स का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग प्रकृति से प्रेम करते हैं, अगर उन्होंने सिक्किम के ऑर्किड नहीं देखे, तो उन्होंने बहुत कुछ मिस किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस साल सिक्किम पर्यटन के क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बनाएगा।
पुरानी यात्रा को किया याद
पीएम मोदी ने अपने पिछले दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण वह पहले सिक्किम नहीं आ पाए थे, जिसकी कमी उन्हें हमेशा महसूस होती रही। उन्होंने कहा कि इस बार यहां आकर वह अधूरा सपना पूरा हुआ है।
कांग्रेस पर हमला
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो विकास कार्य आज हो रहे हैं, वे पहले भी किए जा सकते थे, लेकिन पिछली सरकारों ने सिक्किम को नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय में फाइलें सिर्फ अटकी रहती थीं।
‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का उदाहरण
प्रधानमंत्री ने सिक्किम को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि यहां की संस्कृति और एकता पूरे देश को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने पूरे भारत की झलक पेश की है।
कई क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा
इन परियोजनाओं में सड़क और पुल निर्माण, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और कृषि से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य सिक्किम के समग्र और संतुलित विकास को तेज करना है।

