नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में आज तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिनों तक इन राज्यों में असर
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल, माहे, मध्य प्रदेश और विदर्भ में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश का अनुमान जताया है।
इसी तरह, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
कहीं बारिश तो कहीं उमस
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

