प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय यूएई और यूरोप दौरे के पहले चरण में आज अबू धाबी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। अबू धाबी एयरपोर्ट पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने खुद प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान औपचारिक स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया। खास बात यह रही कि यूएई के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को अमीरात हवाई क्षेत्र में सुरक्षा एस्कॉर्ट प्रदान किया।
ऊर्जा सहयोग और व्यापार पर हुई अहम चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद के बीच हुई बैठक में ऊर्जा सहयोग, द्विपक्षीय व्यापार और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर देखने को मिल रहा है।
यूएई पर हमलों की पीएम मोदी ने की निंदा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद को “भाई” कहकर संबोधित किया और चुनौतीपूर्ण समय में यूएई नेतृत्व द्वारा दिखाए गए धैर्य और नेतृत्व की सराहना की।
संवाद और कूटनीति पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का सबसे प्रभावी रास्ता है। उन्होंने यूएई के प्रति भारत के पूर्ण समर्थन को भी दोहराया।

