राष्ट्रपति मुर्मू के पैतृक गांव पहुंचे पीएम मोदी, 47,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव पहाड़पुर पहुंचे। राष्ट्रपति मुर्मू अपने 68वें जन्मदिन के अवसर पर गांव में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ संथाली जहेरा, गोशानी पीठ और हो जहेरा जैसे पवित्र स्थलों पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गांव के कौशल विकास केंद्र और पहाड़पुर स्कूल का दौरा किया तथा वहां पढ़ रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति इसके बाद रायरंगपुर में आयोजित एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

यह भी पढ़े; G7 में मोदी की कूटनीतिक मैराथन, दुनिया के बड़े नेताओं से की अहम मुलाकातें

इस अवसर पर ऊर्जा, परिवहन, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल से जुड़ी 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे और राज्य के विकास को लेकर सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे। यह दौरा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन और ओडिशा के विकास कार्यक्रमों, दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *